बिलासपुर (रामपुर)। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सीओ अनुज चौधरी ने कोतवाली पुलिस की मदद से ग्राम मुसर्रफगंज के डंडिया के जंगल में छापामार कार्रवाई कर चार लोगों को अवैध शस्त्र फैक्टरी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। वहीं, एक व्यक्ति पुलिस को चकमा देकर भाग गया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में बनी व अधबनी रायफल, बंदूक और तमंचे बरामद किए हैं।
सीओ अनुज चौधरी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर उन्होंने कोतवाली प्रभारी प्रिंस शर्मा के साथ रविवार सुबह नैनीताल हाईवे स्थित धनौरा मोड़ पर संदिग्ध लोगों की चेकिंग करनी शुरू कर दी। उन्होंने चेकिंग के दौरान कोतवाली के ग्राम पईपुरा निवासी दलजीत सिंह व गंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला घेर तोंगा निवासी उस्मान को दो तमंचों व कारतूसों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने उक्त तमंचे डंडिया के जंगल में चल रही तमंचा फैक्टरी से पांच पांच हजार रुपये में खरीदें हैं। पुलिस ने दोनों को साथ लेकर ग्राम मुसर्रफगंज के डंडिया जंगल में अवैध शस्त्र फैक्टरी पर छापा मारा। पुलिस को देख फैक्टरी चलाने वाले तीन लोग भागने लगे। पुलिस ने कार्रवाई कर दो लोगों को दबोच लिया और एक व्यक्ति पुलिस को गच्चा देकर भाग गया। पकड़े गए लोगों में एक ने स्वयं को बरेली जिले के थाना शीशगढ़ के ग्राम मोहम्मदपुर निवासी इशहाक व दूसरे ने कोतवाली के ग्राम अलीनगर कोटा निवासी अवतार सिंह बताया।
उन्होंने फरार साथी का नाम व पता पुलिस को बता दिया है। पुलिस ने मौके से तीन रायफल, तीन बंदूक, दो तमंचे, तीस कारतूस, 17 कारतूस खोखे व काफी मात्रा में अधबने हथियार व शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। सीओ का कहना है कि सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।