भराड़ी क्षेत्र में सीर खड्ड में अवैध रूप से बजरी, पत्थर से भरा ट्रैक्टर। स्रोत: जागरूक पाठक
दिन के उजाले में खनन माफिया खड्ड से निकाल रहे रेत, बजरी
खड्ड हो रही खोखली, पेयजल योजनाओं पर मंडरा रहा खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना क्षेत्र के तहत सीर खड्ड में अवैध खनन जारी है। दिन के उजाले में बिना किसी डर के खनन माफिया खड्ड से रेत और बजरी निकाल रहे हैं। खड्ड खोखली हो रही हैं। कई पेयजल योजनाओं पर खतरा मंडरा रहा है। बम्म, तलवाड़ा, मटयाल, बेला आदि स्थानों पर बिना डर के खनन हो रहा है।
भराड़ी क्षेत्र के किसानों की भाग्य रेखा कहे जाने वाली सीर खड्ड में जिस तरह से अवैध खनन को अंजाम दिया जा रहा है, उससे किसानों की उपजाऊ भूमि हर साल बर्बाद हो रही है। पुलिस थाना भराड़ी से महज पांच से सात किलोमीटर के दायरे में हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिए कोई सख्त कदम नही उठाए जा रहे हैं। खनन माफिया इस कदर निडर हो चुके हैं कि अब दिन के उजाले में रेत, बजरी से भरे ट्रैक्टरों को सड़कों पर दौड़ते हुए देखा जा सकते हैं। खड्ड में गहरे गड्ढे पड़ चुके हैं, लेकिन फिर भी खनन कार्य को रोका नहीं जा रहा है। यही हाल रहा तो कई पुल भी खतरे की जद में आ जाएंगे। सुबह से देर रात तक अवैध खनन होता रहता है। रोजाना दर्जनों ट्रैक्टर अवैध तौर पर रेत व बजरी निकाल रहे हैं। लोगों की जुबां पर यही सवाल है कि आखिर किस की शह पर ये अवैध खनन का काम चल रहा है। दर्जनों ट्रैक्टर अगर अवैध खनन के निकल रहे हैं तो नाम मात्र चालान कर औपचारिकता पूरी की जा रही है। लेकिन पूर्ण रूप से खनन को बंद करवाने के लिए कारगर कदम नही उठाए जा रहे हैं। बेला, बम्म, तलवाड़ा में हर समय खड्ड से रेत बजरी निकालते हुए मजदूरों को देखा जा सकता है। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने कहा कि पुलिस समय-समय पर अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करती है। अब विशेष अभियान के तहत खनन माफियाओं पर कार्रवाई की जाएगी।