डिजिटल डिवाइस का प्रयोग रहेगा पूर्णत प्रतिबंधित
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की सत्रांत परीक्षाएं 1 दिसंबर से शुरू हो रही हैं। सभी पंजीकृत विद्यार्थी अपना एडमिट कार्ड इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड परीक्षा केंद्र में प्रवेश हेतु अनिवार्य दस्तावेज है। बिना एडमिट कार्ड के किसी भी विद्यार्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. विक्रम कपिल ने जानकारी देते हुए सभी विद्यार्थियों से समय पर परीक्षा संबंधी तैयारियां पूर्ण करने का आग्रह किया है। परीक्षा में उपस्थित होते समय विद्यार्थियों के लिए एडमिट कार्ड के साथ अपना कोई मान्य फोटो पहचान पत्र साथ लाना भी अनिवार्य है। इसमें इग्नू आईडी कार्ड, आधार कार्ड या कोई अन्य सरकारी मान्यता प्राप्त फोटो आईडी शामिल हो सकती है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय एडमिट कार्ड और फोटो पहचान पत्र दोनों दस्तावेज प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। उन्होंने कहा की परीक्षा हॉल में किसी भी तरह के डिजिटल उपकरण का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। परीक्षार्थियों को सलाह दी जाती हैं कि वे मोबाइल, डिजिटल घड़ी व अन्य किसी भी प्रकार का डिजिटल उपकरण साथ में लेकर न आएं। यदि कोई विद्यार्थी इनके साथ पाया जाता है, तो उसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार होगा।