- बोले, दो दिन में आरोपी को गिरफ्तार करे पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने हम्बोट पंचायत के उपप्रधान के ऊपर हुए जानलेवा हमले के आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति घर के भीतर घुसकर जानलेवा हमला करता है, लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है। यह चिंता की बात है। यदि दो दिन के भीतर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो भाजपा भराड़ी थाने का घेराव करेगी।
राजेंद्र गर्ग रविवार को उपप्रधान से मिले। उन्होंने उपप्रधान का कुशलक्षेम पूछ कर हर मुमकिन सहायता का आश्वासन दिया। गर्ग ने कहा कि जिस व्यक्ति ने हमला किया है, वह इससे पहले भी मारपीट जैसी घटनाएं कर चुका है। आज एक पंचायत के चुनिंदा प्रतिनिधि को घर में घुस कर लहूलुहान कर दिया जाता है। हमला करने वाले ने जिस तरह उपप्रधान को पीटा है उससे साफ जाहिर है कि आरोपी जान से मारने के इरादे से आया था। इतनी बड़ी वारदात एक जनप्रतिनिधि से हो जाती है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर मात्र औपचारिकता की जा रही है। गर्ग के मुताबिक जिस व्यक्ति ने हमला किया वह कांग्रेस का नेता खुद को कहता है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि भविष्य में कोई इस तरह की वारदात को अंजाम न दे सके।