एम्स के विशेषज्ञों ने छात्राओं से किया संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला घुमारवीं में अंतरराष्ट्रीय सर्वाइकल कैंसर जागरूकता माह के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम एम्स बिलासपुर के विशेषज्ञों ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया।
19 एमबीबीएस के प्रशिक्षुओं ने छात्राओं से संवाद किया। मेडिसिन विभाग की डॉ. अनुपमा ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की पैप निकोलाउ स्मीयर टेस्ट से जांच की जाती है। इसके मुख्य लक्षणों में शरीर के वजन का कम होना, पेशाब में जलन और महिलाओं में रक्त स्राव होना शामिल है। उन्होंने छात्राओं के साथ चर्चा की और उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिए। डॉ. अनुपमा ने कहा कि यदि कोई भी लक्षण दिखे तो शीघ्र जांच करवा लेनी चाहिए ताकि बीमारी का पता प्रारंभिक स्टेज पर लग जाए। इससे उपचार में सहायता मिलती है।
सर्वाइकल कैंसर महिलाओं को होने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर है। यह कैंसर ह्यूमन पेपिलोमावायरस (एचपीवी) के कारण होता है। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर जागरूकता माह मनाने का उद्देश्य महिलाओं और समाज में इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस माह के दौरान सर्वाइकल कैंसर और एचपीवी वैक्सीन के बारे में जानकारी दी जाती है। इस मौके पर उप प्रधानाचार्य राकेश भारद्वाज सहित अन्य अध्यापक मौजूद रहे।