सीएचसी स्वारघाट में एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए पहुंची लड़की । स्त्रोत विभाग
जिले में 1005 लाभार्थियों ने लगवाई वैक्सीन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में चल रहे एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को अब गति मिलने लगी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार निर्धारित 2735 लक्ष्य के मुकाबले अब तक 1005 लाभार्थियों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। अभियान को और तेज करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 24 मई को विशेष टीकाकरण दिवस आयोजित करने का निर्णय लिया है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर सदर में 237, सीएचसी घुमारवीं में 296, सीएचसी झंडूता में 316, सीएचसी मारकंड में 235 तथा सीएचसी नयना देवी में 153 लड़कियों का टीकाकरण किया गया है। शनिवार को भी विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में टीकाकरण जारी रहा। घुमारवीं में तीन, नयना देवी में 156 और झंडूता में 90 छात्राओं ने वैक्सीन लगवाई। स्वास्थ्य विभाग अब स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने पर जोर दे रहा है ताकि अधिक से अधिक पात्र छात्राएं इस अभियान से जुड़ सकें।
उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. शशि दत्त शर्मा ने बताया कि एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान सकारात्मक परिणाम दे रहा है। उन्होंने कहा कि 24 मई को विशेष टीकाकरण दिवस रखा गया है, जिसके लिए सभी स्वास्थ्य संस्थानों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने छात्राओं और अभिभावकों से अपील की कि वे इस निशुल्क टीकाकरण अभियान का लाभ उठाएं।