घुमारवीं के वार्ड-3 में भारी बारिश से नुकसान, प्रशासन ने किया रहने का प्रबंध
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं में मंगलवार रात हुई भारी बारिश के चलते नगर परिषद के वार्ड नंबर-3 आंबेडकर वार्ड में एक तीन कमरों का मकान अचानक भरभराकर ढह गया। रसोई सहित अन्य घरेलू सामान मलबे में दब गया। गनीमत रही कि परिवार ने समय रहते घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
यह मकान सुरेश कुमार पुत्र शिव दास का था। सुरेश कुमार के परिवार में उनका बेटा ज्योति शर्मा, बहू गायत्री देवी और करीब पांच वर्ष की बेटी है। घटना के कुछ समय पहले परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर ही मौजूद थे। सुरेश कुमार ने बताया कि मंगलवार रात को भारी बारिश हो रही थी। परिवार के सदस्य घर के अंदर थे, लेकिन इसी दौरान उन्हें मकान से कुछ ऐसी आहट और आवाजें सुनाई दीं, जिससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्हें लगा कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मकान को और नुकसान हो सकता है। इसके बाद परिवार ने बिना समय गंवाए घर से बाहर निकलने का फैसला लिया और कुछ जरूरी सामान भी बाहर निकाल लिया। सुरेश कुमार ने बताया कि बाहर निकलने के कुछ ही समय बाद रात करीब 1:30 बजे पूरा मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने की आवाज से आसपास के लोग भी सहम गए। हादसे में मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर रखा घरेलू व रसोई का सामान मलबे में दब गया। हालांकि परिवार की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया और रिपोर्ट तैयार की। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत के तौर पर तिरपाल और सामान उपलब्ध करवाया गया है। प्रशासन की तरफ से परिवार के रहने के लिए भी इंतजाम कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार परिवार को नियमानुसार उचित राहत एवं सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।