घुमारवीं (बिलासपुर)। सिविल अस्पताल घुमारवीं में उपचाराधीन चार लोगों के कोरोना संक्रमित आने के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं और अस्पताल को सील कर दिया है। बीएमओ घुमारवीं डॉक्टर अभिनित ने बताया कि एहतियातन घुमारवीं सिविल अस्पताल को 48 घंटे के लिए सील कर दिया है।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं सोमवार शाम 6 बजे से शुरू होंगी। इसके अलावा सामान्य ओपीडी मंगलवार सुबह से ही शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल के भीतर दाखिल मरीजों का इलाज जारी रहेगा। इसके चलते अस्पताल परिसर को लॉक नहीं किया जाएगा। पुलिसकर्मी तैनात कर आवाजाही पर रोक रहेगी। उन्होंने बताया कि रैपिड एंटीजन टेस्ट से सैंपल लेने पर घुमारवीं अस्पताल में चार और भराड़ी अस्पताल में उपचाराधीन कोरोना के दो मामले पॉजिटिव आए हैं।
घुमारवीं अस्पताल में रछेड़ा गांव के 26 और 41 साल के युवक, हारकुहार से 62 वर्ष तथा लुखानी गांव के 54 साल के बुजुर्ग पॉजिटिव आए हैं। भराड़ी अस्पताल में 33 साल की महिला भदरौन और समला गांव का 31 वर्षीय युवक संक्रमित पाया गया है। डॉ. अभिनित ने बताया कि घुमारवीं अस्पताल में बीते चौबीस घंटे में सात कोरोना के मामले आने के कारण इसे अगले 48 घंटों के लिए बंद कर दिया है।