घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं में होम क्वारंटीन किए व्यक्ति पर पड़ोस में खाना बांटने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। इस संबंध में पुलिस थाना घुमारवीं में मामला दर्ज किया गया है।
दकड़ी के दिनेश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि दकड़ी का देशराज शर्मा पुत्र एसके शर्मा कुछ दिन पहले मुंबई से घर आया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसे घर से बाहर न निकलने के आदेश दिए थे। शिकायतकर्ता ने कहा कि व्यक्ति ने स्वास्थ्य विभाग के आदेशों को अवहेलना की है। बताया कि होम क्वारंटीन में रहने के आदेश के बाद भी व्यक्ति पड़ोस में किसी की मौत पर तेहरवीं के दिन खाना परोसने का काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति कर खिलाफ घुमारवीं थाना में केस दर्ज कर लिया है।
डीएसपी राजेंद्र जसवाल ने बताया कि व्यक्ति को स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिए थे कि वो घर से बाहर नहीं निकलेगा। उसके बाद भी उसने आदेशों की अवहेलना की। इसके चलते उस पर धारा 144 के तहत कानून की अवहेलना करने के जुर्म में मामला दर्ज कर लिया गया है।