बिलासपुर, हमीरपुर सब-डिवीजन के कार्य भी होंगे यहीं से संचालित
कार्यालय के लिए अधिशासी अभियंता की नियुक्ति के आदेश भी जारी
सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, ड्राइंग ब्रांच, अन्य कर्मियों की जल्द होगी तैनाती
बडू वार्ड स्थित राजस्व सदन भवन में चलेगा अस्थायी कार्यालय
संजीव शामा
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र को एक बड़ी प्रशासनिक सौगात मिलने जा रही है। हिमाचल प्रदेश आवास एवं शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) ने घुमारवीं में अपना नया डिवीजन कार्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के साथ अब हिमुडा से संबंधित सभी विकास कार्यों का संचालन यहीं से होगा।
जानकारी के अनुसार, हिमुडा ने इस नए डिवीजन कार्यालय के लिए अधिशासी अभियंता की नियुक्ति के आदेश भी जारी कर दिए हैं। फिलहाल यह कार्यालय नगर परिषद घुमारवीं के वार्ड नंबर-1 बडू वार्ड स्थित राजस्व सदन भवन में अस्थायी रूप से संचालित किया जाएगा। अब तक घुमारवीं क्षेत्र के सभी कार्य हिमुडा मंडी डिवीजन कार्यालय के अंतर्गत आते थे। इस कारण क्षेत्र के ठेकेदारों, तकनीकी कर्मचारियों और आम नागरिकों को अनुमोदन, भुगतान या स्वीकृतियों के लिए मंडी तक बार-बार जाना पड़ता था। नया कार्यालय के खुलने से यह सारी प्रक्रियाएं स्थानीय स्तर पर ही पूरी होंगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी। हिमुडा का घुमारवीं डिवीजन कार्यालय अब बिलासपुर और हमीरपुर सब-डिवीजनों के कार्यों की निगरानी और संचालन भी करेगा। कार्यालय में अधिशासी अभियंता के साथ सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, ड्राइंग ब्रांच और अन्य तकनीकी कर्मियों की तैनाती की जा रही है, ताकि विकास परियोजनाओं को तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जा सके।
हिमुडा राज्य का प्रमुख निर्माण एवं शहरी विकास प्राधिकरण है, जो सरकारी आवासीय भवन, कार्यालय, हॉस्टल, अस्पताल, स्कूल भवन और अन्य सरकारी संस्थानों के निर्माण कार्य करता है। इसके तहत प्रदेश में कई महत्वपूर्ण निर्माण परियोजनाएं चल रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कदम क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। इससे न केवल विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ेगी बल्कि क्षेत्र में रोजगार और ठेकेदारी के नए अवसर भी सृजित होंगे। लोगों ने हिमुडा प्रबंधन और सरकार का इस निर्णय के लिए आभार जताया है। बताते चलें कि लंबे समय से हिमुडा कार्यालय की मांग उठाई जा रही थी। अब यह मांग पूरी होने से घुमारवीं क्षेत्र शहरी विकास का नया केंद्र बनकर उभरेगा। यह निर्णय प्रशासनिक सुविधा के साथ विकासात्मक दृष्टि से भी मील का पत्थर साबित होगा।
कोट
यह निर्णय विकास की दिशा में मील का पत्थर
हिमुडा डिवीजन कार्यालय का घुमारवीं में खुलना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम है। हमारा उद्देश्य प्रशासनिक सुविधाओं को लोगों के नजदीक पहुंचाना है। हिमुडा कार्यालय के खुलने से न केवल निर्माण कार्यों की रफ्तार बढ़ेगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। यह कार्यालय घुमारवीं को शहरी विकास का केंद्र बनाएगा। वहीं जिले के लोगों को मंडी जाने से भी छुटकारा मिलेगा।
राजेश धर्माणी, तकनीकी शिक्षा मंत्री, हिमाचल प्रदेश
संवाद