सड़क बंद होने से बढ़ी चिंता, रिहायशी मकानों पर मंडराया खतरा
दो साल पहले भी दरकने लगी थी पहाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की लुहारवीं पंचायत के नैण गांव में बुधवार सुबह भारी बारिश के बीच पहाड़ी धंसने से एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ गई है। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने के कारण लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाई सुरक्षा दीवार भी पूरी तरह धराशायी हो गई। इसके चलते सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया और क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। वर्ष 2023-24 में भी लगातार बारिश के दौरान यही पहाड़ी दरकने लगी थी। उस समय पहाड़ी में आई दरारों और लगातार खिसकते भू-भाग को देखकर लोगों के मन में भारी डर बैठ गया था। इसके बाद वर्ष 2024 में यहां सुरक्षा के उद्देश्य से सेफ्टी वॉल का निर्माण कराया गया, लेकिन लोगों का आरोप है कि वह दीवार कुछ ही महीनों बाद ढह गई थी। बाद में दोबारा निर्माण कार्य किया गया, लेकिन इस बार बरसात की शुरुआत में ही पहाड़ी फिर धंस गई है और सुरक्षा दीवार एक बार फिर मलबे के साथ धराशायी हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का बंद होना एक बड़ी समस्या है, लेकिन उससे भी अधिक चिंता इस बात की है कि पहाड़ी लगातार नीचे की ओर खिसक रही है। उनका कहना है कि पहाड़ी के नीचे रिहायशी मकान स्थित हैं और यदि यही स्थिति बनी रही तो भविष्य में इन मकानों को भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
लोगों का कहना है कि अभी मानसून की शुरुआत ही हुई है। यदि शुरुआती बारिश में ही पहाड़ी इस तरह धंसने लगी है तो आने वाले दिनों में लगातार होने वाली बारिश हालात को और भी भयावह बना सकती है। उनके अनुसार हर बारिश के साथ पहाड़ी का और अधिक हिस्सा नीचे की ओर खिसक रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस समस्या को केवल अस्थायी मरम्मत तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसका स्थायी समाधान किया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी और वैज्ञानिक उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से आग्रह किया है कि क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि बरसात के मौसम में लोगों की जान-माल की सुरक्षा बनी रहे।
विभाग की ओर से मौके का जायजा लिया गया है। सबसे पहले अवरुद्ध सड़क को खोलने का कार्य किया जा रहा है, जिसके लिए मशीनरी लगा दी गई है। इसके अलावा जो भी आवश्यक कार्य होगा, उसे भी जल्द पूरा कर दिया जाएगा।
-अनुज पराशर, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, घुमारवीं