जिले में अनार 388 और 370 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा सेब
बिलासपुर। महंगाई के बीच जिले के उपभोक्ताओं को सब्जियों के मोर्चे पर कुछ राहत मिली है। हालांकि, फलों और कुछ जरूरी खाद्य वस्तुओं के ऊंचे दाम अब भी घरेलू बजट पर असर डाल रहे हैं। सीमित आय वाले परिवारों के लिए महीने भर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।
जिले के बाजारों में अधिकांश सब्जियां 25 से 70 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच उपलब्ध हैं। आलू 25 रुपये, प्याज 37 रुपये और टमाटर 42 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रहे हैं। फूलगोभी 49 रुपये, बंदगोभी 35 रुपये और भिंडी 35 रुपये प्रति किलोग्राम तक उपलब्ध हैं। वहीं अदरक 248 रुपये और लहसुन 198 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है। इससे रसोई का मसाला बजट लगातार बढ़ा हुआ है।
फलों की ऊंची कीमतें
फलों में अनार सबसे महंगा है, इसकी कीमत 388 रुपये प्रति किलोग्राम तक है। रॉयल डिलीशियस सेब 372 रुपये और खुमानी 223 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रहा है। लीची और माल्टा 198 रुपये प्रति किलोग्राम पर उपलब्ध हैं। मौसमी 149 रुपये, अमरूद 124 रुपये और आम 112 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रहा है। अनानास 68 रुपये प्रति किलोग्राम, केला 97 रुपये प्रति दर्जन और कीवी 50 रुपये प्रति नग मिल रहा है।
उपभोक्ता और व्यापारी की राय
उपभोक्ताओं का कहना है कि सब्जियों के दाम सामान्य होने से कुछ राहत मिली है। लेकिन फलों की कीमतें अब भी उनकी पहुंच से बाहर हैं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए फल खरीदना महंगा साबित हो रहा है। व्यापारी बताते हैं कि फलों के दाम आवक, गुणवत्ता और मौसम पर निर्भर करते हैं। बाहरी राज्यों से आने वाले फलों की ढुलाई लागत भी कीमतों पर असर डालती है। स्थानीय सब्जियों की आवक बेहतर होने से उनके दाम नियंत्रण में हैं। जिला खाद्य विभाग बाजार भाव जारी करता है।