ट्रकर परियोजना बरमाणा ने आयोजित किया शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ट्रकर परियोजना बरमाणा की ओर से बैरी में ट्रक चालकों के लिए स्वास्थ्य जांच के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में परियोजना की ओर से डॉ. विवेक चंदेल ने ट्रक चालकों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी।
इस दौरान स्वास्थ्य शिक्षक जगदीश ने ट्रक चालकों जागरूक करते हुए कहा कि आज युवा पीढ़ी नशे के गर्त में धंसती जा रही है और इसका एकमात्र कारण यह है कि युवाओं को सही जानकारी सही समय पर नहीं मिल रही है। देश का उज्जवल भविष्य युवाओं पर टिका होता है। अगर देश की युवा पीढ़ी ही गलत रास्ते पर जाने लगे तो निश्चित ही उनका भविष्य अंधकार में चला जाता है। युवा वर्ग को जिंदगी के हर पहलू को जीने की इच्छा होती है। युवा वर्ग नशे को अपनी शान समझते हैं। वह शराब, गुटका, तंबाकू, बीड़ी और सिगरेट का नशा करते हैं। उनकी पार्टी नशे के बगैर अधूरी है। उन्होंने बताया कि आजकल एक नशे का प्रचलन चल रहा है वह है सुइयों के प्रयोग से नशा लेना। आजकल के युवा इस नशे की लत के आदी होते जा रहे हैं। इससे सुइयों के सांझें प्रयोग की संभावना बढ़ जाती है। यदि कोई सुइयों का समूह में इस्तेमाल कर रहा है तो उसको एचआईवी और हेपेटाइटिस बी और सी होने का खतरा बढ़ जाता है। परियोजना की ओर से बिलासपुर में नशे के प्रति युवाओं को जागरूक करने का काम किया जा रहा है। ताकि नशे की में फंसे युवाओं को नशे से मुक्त किया जा सके। इस मौके पर सुरेंद्र शर्मा, शेर सिंह याम्बा और जगदीश उपस्थित रहे।