- विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य मेले में सेवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरलोग में आयुष्मान भव कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें 219 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस अवसर पर पूर्व सदर विधायक बंबर ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।
शिविर में अस्थि रोग के 71 मरीज, चर्म रोग के 20, औषधि के डॉक्टर के पास 86 लोगों ने अपना चेकअप करवाया। मनोचिकित्सक के पास तीन, बाल रोग के सात और दंत रोग के पांच मरीजों की जांच की गई। इस दौरान एक आयुष्मान कार्ड बनाया गया, जबकि 46 लोगों की आभा आईडी बनाई गई। मेले में क्षय रोग टेस्ट के लिए तीन लोगों के कफ सैंपल लिए गए। निक्षय मित्र के लिए एक व्यक्ति ने अपना नाम पंजीकृत कराया। 82 लोगों के टेस्ट कर लैब में भेजे गए और जनरल ओपीडी में 27 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। खंड चिकित्सा अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राणा ने लोगों को स्वस्थ रहने के लिए तथा आभा आईडी बनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं बंबर ठाकुर ने भी लोगों को सही खान-पान और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां दी। इस मौके पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।