मरीजों को झेलनी पड़ रही भारी परेशानी
बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा समस्या
बीएमओ बोले, जल्द शुरू करवाई जाएगी लैब सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उप तहसील भराड़ी के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बप्याड़ में पिछले छह माह से टेस्ट सुविधा ठप पड़ी है। इस वजह से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतें पेश आ रही हैं।
बप्याड़ स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना करीब 36 से अधिक मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें से कई मरीजों को ब्लड, यूरिन और अन्य जांचों की जरूरत पड़ती है, लेकिन मार्च माह से टेस्ट सुविधा बंद पड़ी है। मरीजों को मजबूरन भराड़ी या घुमारवीं अस्पताल का रुख करना पड़ रहा है, जबकि कुछ मरीज निजी लैबों में जांच करवाने को विवश हैं। इससे उन्हें न केवल आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है बल्कि समय की भी बर्बादी हो रही है।
पूर्व जिला परिषद सदस्य इंदु शर्मा, सूरम सिंह, सुरजीत, बलबीर, महेंद्र, नंद लाल, नारायणी देवी और नीलम ने बताया कि पहले केंद्र में कृष्णा लैब के माध्यम से जांचें की जाती थीं, लेकिन मार्च में लैब में कार्यरत कर्मचारी के नौकरी छोड़ने के बाद से टेस्ट सुविधा पूरी तरह ठप हो गई है। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य केंद्र इस पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी है, लेकिन टेस्ट सुविधा बंद होने से लोगों को भारी असुविधा उठानी पड़ रही है। बताया कि हाल ही में स्थानीय लोगों ने इस केंद्र को एक ईसीजी मशीन भेंट की थी, ताकि मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें, लेकिन जब सामान्य जांचें ही नहीं हो रही हैं तो रोगों का निदान और उपचार दोनों प्रभावित हो रहे हैं। बीएमओ घुमारवीं डॉ. अनुपम शर्मा ने बताया कि कृष्णा लैब के कॉर्डिनेटर को इस बारे में अवगत करवाया गया है और दोबारा बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही बप्याड़ स्वास्थ्य केंद्र में टेस्ट सुविधा शुरू करवा दी जाएगी, ताकि मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार मिल सके।