संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत मौही के प्रांगण में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग झंडूता की ओर से अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में करीब 80 लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई। शिविर की थीम गरिमापूर्ण वृद्धावस्था रही।
ब्लॉक हेल्थ एजुकेटर झंडूता दीप कुमार ने बताया कि योजना के तहत बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने और उन्हें जागरूक करने के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बढ़ती उम्र में आंखों सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान जरूरी है। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। इस दौरान उनके सम्मान, बेहतर स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण जीवन पर जोर दिया गया। मौके पर ग्राम पंचायत मौही के उपप्रधान कुलवंत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।