बिलासपुर। रविवार का दिन भी बिलासपुर के लिए राहत भरा रहा। रविवार को जिला से 74 कोरोना सैंपल आईजीएमसी शिमला भेजे गए थे। इनमें से 74 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं 4 दिन पहले जिला में कोरोना पॉजिटिव पाए गए एचआरटीसी परिचालक के संपर्क में आए 29 लोगों को भी विभाग ने चिन्हित कर होम क्वारंटीन कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिला से रविवार को 74 लोगों के कोविड-19 के सैंपल आईजीएमसी शिमला टेस्ट के लिए भेजे गए थे। सभी सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
बताते चलें कि चार दिन पहले बिलासपुर के बामटा गांव के परिवहन निगम के परिचालक के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद बिलासपुर के कॉलेज चौक, गुरुद्वारा मार्केट और गांधी मार्केट को कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर दिया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 9 टीमों का गठन किया गया। इन टीमों द्वारा एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान शुरू किया गया है। जिला अस्पताल के एमओएच डॉ. परविंदर ने बताया कि अभी तक कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए 29 लोगों को चिन्हित किया गया है। वहीं सभी को होम क्वारंटीन किया गया है। बताया कि कोरोना सैंपल के लिए तय की गई अवधि पर उक्त सभी लोगों के सैंपल टेस्ट के लिए शिमला भेजे जाएंगे। ताकि उनमें संक्रमण फैला है या नहीं इसकी पुष्टि हो सके। उन्होंने बताया कि बस कंडक्टर के बाद जिला में कोरोना का कोई केस सामने नहीं आया है। लोग एहतियात बरतें और खुद को सुरक्षित रखें।