बल्हसीना में कर्फ्यू के दौरान सामाजिक दूरी का उल्लंघन करते ग्रामीण।
- फोटो : BILASPUR
बरठीं(बिलासपुर)। डिपो पर राशन के लिए लोग लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे हैं। लोग इस दौरान सामाजिक दूरी तो बिल्कुल ही भूल गए हैं। ऐसा ही कुछ दृश्य बलहसीना में देखने को मिल रहा है। दी मलारी सहकारी सोसायटी बलहसीना में सरेआम सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। लोग राशन के लिए इस कदर उमड़े पड़े हैं कि वह एक-दूसरे से कोई फासला नहीं रख रहे हैं। झुंडों के झुंड में वे एक-दूसरे के साथ जुड़कर खड़े हुए हैं और कई लोगों ने तो मास्क तक भी नहीं लगाया है। जहां आज पूरा संसार कोरोना जैसी महामारी से जूझ रहा है वहीं भारत भी इससे अछूता नहीं है।
इस महामारी की रोकथाम के लिए सबसे कारगर उपाय एक-दूसरे से उचित दूरी बनाए रखना है लेकिन डिपो पर राशन लेने की होड़ में लोग इस कदर उमड़ कर आ रहे हैं कि वह सामाजिक दूरी को बिल्कुल भूल चुके हैं। जहां सरकार ने नजदीक से राशन लाने के लिए गाड़ियों पर प्रतिबंध लगाया है वहीं यहां पर गाड़ियों की भी खूब आवाजाही हो रही है।
यह सोसायटी बिल्कुल सड़क के साथ है जहां से प्रशासनिक गाड़ियां अक्सर गश्त पर निकल रहीं हैं लेकिन लगता है कि प्रशासन भी मूकदर्शक बना हुआ है। वहीं बलहसीना डिपो के सेल्समैन रामपाल का कहना है की हमने उचित दूरी पर गोले बनाए हुए हैं और लोगों को हिदायत भी दे रहे हैं कि वह उचित दूरी बनाकर लाइन में खड़े हो जाएं और मास्क का प्रयोग करें लेकिन लोग इस बात को सुनने को तैयार ही नहीं है और हमारे ऐसा बोलने पर कई लोग तो हमसे ही बदतमीजी करने लगते हैं।
उधर थाना शाहतलाई प्रभारी सतपाल शर्मा ने कहा कि हमने लोगों से लॉकडाउन का पालन करने को कहा है। अगर लोगों ने इसका पालन नहीं किया तो प्रशासन को मजबूरन सख्ती बरतनी पड़ेगी।