गरामौड़ा नाके का निरीक्षण करते उपायुक्त राजेश्वर गोयल।
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट( बिलासपुर)। उपायुक्त बिलासपुर राजेश्वर गोयल ने बुधवार को सुबह 9 बजे से 12 बजे के दौरान स्वारघाट, नयना देवी के चार क्वारंटीन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसडीएम स्वारघाट सुभाष गौतम, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग की टीमें मौजूद रहीं। इस मौके पर उपायुक्त ने उपमंडल प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं पर संतुष्टि जाहिर की।
उन्होंने बताया कि स्वारघाट, नयना देवी में कर्फ्यू का पालन काफी अच्छा हो रहा है। सभी केंद्रों में काफी अच्छी व्यवस्थाएं की गई हैं। क्षेत्र में इन केन्द्रों के साथ-साथ अन्य जगहों पर सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन हो रहा है। प्रशासन की ओर से वन विश्राम गृह स्वारघाट, लोकनिर्माण गृह स्वारघाट, कहलूर होटल स्वारघाट और नयना देवी मात्री सदन में चार क्वारंटीन केंद्र बनाए गए हैं जिनमें 143 लोग रखे गए हैं।
उन्होंने कहा कि अगर लोग चाहते हैं तो प्रशासन जरूरी वस्तुओं, दवाइयों आदि की होम डिलीवरी का प्रबंध भी कर सकता है। प्रशासन को लोगों का काफी सहयोग मिल रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कर्फ्यू की अवधि को सफल बनाएं। अपने घरों में रहे और सतर्क रहें।