स्वारघाट(बिलासपुर)। पड़ोसी राज्यों में कोरोना के पॉजिटिव आ रहे मामलों के बाद हिमाचल सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए लोकल और विदेशी सैलानियों के हिमाचल आने पर रोक लगा दी है। कोरोना वायरस को प्रदेश में फैलने से रोकने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है। इसके बाद पुलिस ने राज्य की सीमाओं पर नाके लगाकर पर्यटकों को रोककर वापस भेजना शुरू कर दिया है।
गुरुवार देर शाम से ही उपमंडल स्वारघाट की पंजाब से जुड़ी सीमा चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर कैंचीमोड़, स्वारघाट और ग्वालथाई में बरमाला, शैला घोड़ा, टोबा, बैहल व भाखड़ा स्थानों पर बैरियर लगाकर पुलिस टीमें तैनात की गई हैं। कैंचीमोड़ पुलिस चेक पोस्ट से गुरुवार देर शाम से शुक्रवार दोपहर बाद तक दर्जनों टूरिस्ट वाहनों को पुलिस की ओर से वापस भेजा गया है।
हालांकि जो हिमाचल के निवासी हैं जिनके पास बाहरी राज्यों की गाड़ियां हैं या किराए की टैक्सियां लेकर हिमाचल आ रहे हैं उन्हें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य कोई मूल दस्तावेज दिखाने के बाद हिमाचल में प्रवेश करने दिया जा रहा है। बता दें कि बाहरी राज्यों के टूरिस्ट स्वारघाट के राष्ट्रीय उच्च मार्ग 205 चंडीगढ़-मनाली से होकर कुल्लू, मनाली, मणिकर्ण, रोहतांग आदि टूरिस्ट स्थलों पर घूमने के लिए जाते हैं।
इनसेट--
बिना स्वास्थ्य जांच के हिमाचल में हो रहा प्रवेश
बता दें कि प्रदेश की सीमाओं पर पुलिस तो मुस्तैदी से ड्यूटी कर रही है लेकिन सीमाओं पर स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम मौजूद नहीं है जोकि मौके पर लोगों का मेडिकल चेकअप कर सके। पुलिस टीमें उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार हिमाचल के जो लोग बाहरी राज्यों से आ रहे हैं, चाहे वो अपनी गाड़ियों में आ रहे हों या टैक्सियों में आ रहे हों या फिर एचआरटीसी या अन्य रोडवेज की बसों में आ रहे हैं। इससे कोई कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।
इनसेट-
बैरियरों पर चल रहा निरीक्षण, स्वास्थ्य टीम की जरूरत
उपरोक्त सभी बैरियरों का निरीक्षण किया है और मौके पर महसूस किया गया कि पुलिस टीमों के साथ एक मेडिकल की टीम भी मौके पर होनी चाहिए जोकि बाहरी राज्यों से आ रहे हिमाचल के लोगों के स्वास्थ्य की जांच करे। इस बारे में जिलाधीश बिलासपुर और सीएमओ बिलासपुर से बात की जा रही है।
--सुभाष गौतम, एसडीएम स्वारघाट