घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल में कोरोना वायरस का संदिग्ध सामने आने के बाद लोगों में दहशत है। हालत यह हो गई है कि घुमारवीं उपमंडल में दुकानों में मास्क खत्म हो चुके हैं। जबकि हैंड सेनिटाइजर की मांग भी बाजार में एक दम से बढ़ गई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दहशत में न आने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि घुमारवीं उपमंडल के एक गांव में कुछ दिन पहले एक युवक ने खुद 104 पर फोन करके स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया था कि उसके गले में दिक्कत हो रही है क्योंकि युवक दक्षिण कोरिया से भारत आया था। हालांकि पूर्व में कोरिया और दिल्ली में कोरोना के टेस्ट करवाया था जो नेगेटिव आए थे। उसके बाद युवक के घर में पहुंचने के बाद गले में दिक्कत शुरू हो गई जिसके बाद कड़ी सुरक्षा में युवक को आईजीएमसी भेजा गया है जहां उसे भर्ती किया गया है।
घुमारवीं उपमंडल में इस खबर के सामने आने के बाद क्षेत्र के लोग भी डर के साये में जी रहे हैं तथा हर कोई मेडिकल स्टोर में दस्तक दे रहा है और मास्क तथा हाथ साफ करने वाले हैंड सेनिटाइजर की मांग लगातार बढ़ रही है। घुमारवीं शहर के प्रमुख मेडिकल स्टोरों पर मास्क व हैंड सेनिटाइजर खत्म हो चुके हैं।
शहर और क्षेत्र के लोगों में शशि ठाकुर, प्रदीप सिंह, बिट्टू डोगरा, कपिल शर्मा, विनोद कुमार, सचिन, दीपक कुमार, मंजीत आदि ने कहा कि शहर की प्रमुख दुकानों में मास्क व हैंड सेनिटाइजर खत्म हो चुका है तथा शीघ्र आने का आश्वासन दिया जा रहा है। इन लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की कि जैसे लोगों को जागरूक करने के लिए आएं दिन बताया जा रहा है उसी तर्ज पर स्वास्थ्य विभाग ही लोगों को मास्क उपलब्ध करवाएं जिससे लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत भी रहे हैं। मेडिकल स्टोर चलाने वाले विशाल चौहान ने कहा कि कुछ दिनों से एकाएक मास्क व हैंड सेनिटाइजर की मांग बढ़ गई हैं तथा जितना भी स्टॉक उपलब्ध था वह बिक चुका है।