बिलासपुर। चीन से बिलासपुर पहुंचे तीन खंडों के 12 लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने 28 दिन तक के लिए अपनी निगरानी में रखा है जिसमें से 8 लोगों का समय पूरा हो गया है। इनमें किसी भी प्रकार के किसी वायरस की पुष्टि नहीं हुई है और वह सभी 12 लोग पूरी तरह स्वस्थ हैं। वहीं चार लोग अभी भी स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में है।
उल्लेखनीय है कि 15 जनवरी के बाद चीन के बुहान में कोरोना वायरस काल बनकर टूट पड़ा है जिसके कारण अकेले चीन में ही अभी तक लगभग 1500 मौतें हो चुकी हैं। वहीं देश में चीन से वापस आ रहे नागरिकों को स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रखा जा रहा है। इन्हें शुरू के 28 दिन उनके परिवार और अन्य लोगों से दूर रखा जा रहा है ताकि अगर वो इस वायरस से संक्रमित हों तो इसका असर अन्य लोगों पर न हो।
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि बिलासपुर में भी चीन से अभी तक 12 नागरिक वापस आए हैं। उक्त नागरिक स्वास्थ्य खंड झंडूता, मार्कंड और घुमारवीं के हैं। इनमें घुमारवीं के पांच, मार्कंड के चार और झंडूता के तीन नागरिक शामिल हैं।
डॉ. दड़ोच ने कहा कि इनमें से 12 लोगों का निगरानी समय पूरा हो चुका है और यह पूरी तरह स्वस्थ हैं। वहीं बाकी के चार लोग अभी स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं। लोगों को इससे डरने की जरूरत नहीं है। डॉ. दड़ोच ने लोगों से आग्रह किया है कि वो सर्दी, जुकाम में सावधानियां बरतें। कहा कि खांसते और छींकते समय मुंह कपड़े से ढक लें। कोरोना वायरस को लेकर घबराएं नहीं बल्कि जागरूकता अपनाएं व सही जानकारी रखें।