बिलासपुर। उपायुक्त राजेश्वर गोयल की अध्यक्षता में बचत भवन में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना वायरस, डेंगू की रोकथाम, स्वाइन फ्लू और स्क्रब टाइफस पर बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि सावधानी और जागरूकता ही इन रोगों का बचाव है।
उपायुक्त ने कहा कि ऐसे व्यक्ति जो हाल ही में चीन से आए हैं और उन्हें अचानक बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी हो तो वे तत्काल अपने निकटवर्ती राजकीय चिकित्सालय में सूचना देकर निशुल्क स्वास्थ्य उपचार करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति जिनमें चीन से आकर ऐसे लक्षण पाए जाएं, वे एहतियात के तौर पर कम से कम 28 दिन अपने घर पर रहें और खांसने तथा छींकने पर रूमाल या कपड़ा मुंह पर रखें और वार्तालाप करते समय उचित दूरी बनाएं और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से परहेज करें। उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे जुकाम-खांसी वाले रोगियों की पर्ची के लिए अलग काउंटर बनाने की व्यवस्था करे।
उपायुक्त ने कहा कि डेंगू और स्वाइन फ्लू सामान्य बुखार है। डेंगू के होने के कारण तेज बुखार, तेज सिर दर्द, पीठ दर्द, आंख को हिलाने में दर्द होना इत्यादि इसके लक्षण है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने घरों के बाहर पानी इकट्ठा न होने दें और सफाई का ध्यान रखें। उपायुक्त ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर शहर में फोगिंग करें। उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे इन रोगों से होने वाले बचाव और इनका उपचार की प्रचार सामग्री बंटवाना सुनिश्चित करें ताकि लोग इन रोगों से अपना बचाव कर सकेें। इस अवसर पर एडीएम विनय धीमान, एसडीएम सदर रामेश्वर, पीओ डीआरडीए संजीत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश दड़ोच भी उपस्थित रहे।