बिलासपुर। जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र चेतना संस्था बिलासपुर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगों के लिए सहायता उपकरण वितरण समारोह का आयोजन वन विश्राम गृह कुठेड़ा परिसर में किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक सुभाष ठाकुर ने की। इस समारोह में ग्राम पंचायत कुठेड़ा, भुलस्वय, तल्याणा, दावला, मोरसिंघी तथा पटेर के लोगों ने भाग लिया।
सुभाष ठाकुर ने कहा कि यदि किसी भी दिव्यांग को सहायता उपकरण की जरूरत हो तो क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर के ट्रामा सेंटर के कमरा नंबर 137 से संपर्क कर सकते हैं। विधायक ने बताया कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार की ओर से दिव्यांगों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई हैं। दिव्यांग हमारे समाज के अभिन्न अंग हैं। उन्होंने लोगों से दिव्यांगजनों की आर्थिक तथा मोरल स्पोर्ट के लिए सहयोग का आग्रह किया। कहाकि दिव्यांगों ने सभी क्षेत्रों में कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से रेडक्रॉस सोसायटी को सहयोग देने का आग्रह किया।
उन्होंने विधानसभा सदर बिलासपुर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि 90 करोड़ रुपये विभिन्न सड़कों पर खर्च किए जा रहे हैं। पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 45 करोड़ रुपये जल जीवन मिशन के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र सदर में खर्चे किए जाएंगे। 11 करोड़ रुपये बड़ा दा घट कुठेड़ा वाया तलवाड़ा सड़क अपग्रेडेशन किया जाएगा। इसका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा रहा है।
पट्टा मोरसिंगी मसोर सड़क पर अपग्रेडेशन कार्य पर 11 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। पनोह हरलोग समेला सड़क के अपग्रेडेशन पर 7 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। पनोह गेहरा कुह सड़क अपग्रेडेशन पर 5 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। हरलोग चलेहली हवाण सड़क की 11 करोड़ रुपये से अपग्रेडेशन होगी। 3 करोड़ रुपये से टिक्कर कसोलिया वाया मस्धान सड़क अपग्रेडेशन व पक्का करने का कार्य किया जा रहा है। बनोहा परनाल, कुलवाड़ी सड़क अपग्रेडेशन पर 7 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे। इससे पूर्व एसडीएम शशिपाल शर्मा ने मुख्यातिथि के स्वागत के साथ-साथ रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर दिव्यांगजनों को उपकरणों वितरित किए जिनमें 5 व्हील चेयर, 3 स्मार्ट के नए एक ब्रेल केन, 2 रोलेटर, एक सीपी चेयर, 4 बैशाखियां, 7 कान की मशीन, 14 छड़ियां शामिल रहीं। इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव अमित गौतम, नोडल ऑफिसर हुक्म सिंह ठाकुर, फिजियोथैरिपिस्ट डॉ. शिवानी, अजीत कुमार, एमआरडब्ल्यू जीनत, पूर्व मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, जिला परिषद सदस्य भारत भूषण, ग्राम पंचायत प्रधान सुमन चंदेल, उपप्रधान देश राज, राकेश ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य उर्मिला कौशल, निशु देवी, पूर्व जिला परिषद सदस्य अंजना शर्मा उपस्थित थे।