बिलासपुर। प्रदेश सरकार की हिमकेयर योजना के अंतर्गत स्मार्ट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया दोबारा से शुरू हो गई है। इसके अंतर्गत स्मार्ट कार्ड 1 जनवरी से 31 मार्च तक बनाए जा सकते हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. प्रकाश चंद दड़ोच ने कहा है कि हिमकेयर योजना के अंतर्गत अस्पताल में दाखिल होने पर परिवार के पांच सदस्यों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है।
दड़ोच ने बताया कि हिमकेयर के अंतर्गत स्मार्ट कार्ड बनाने की सुविधा लोकमित्र केंद्रों और निजी साइबर कैफे में उपलब्ध है। हिमकेयर योजना के अंतर्गत श्रेणियों को ध्यान में रखते हुए प्रीमियम की दरें तय की गई हैं। गरीबी रेखा से नीचे यानी बीपीएल, पंजीकृत रेहड़ी-फड़ी वाले और मनरेगा के अंतर्गत जिन्होंने पिछले वर्ष 50 दिन या उससे अधिक कार्य किया है उनसे प्रीमियम नहीं लिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त एकल नारी, 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग, 70 वर्ष की आयु से अधिक वरिष्ठ नागरिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिकाएं, आशा कार्यकर्ता, मिड-डे मील कार्यकर्ता, दिहाड़ीदार, अंशकालिक कार्यकर्ता, अनुबंध कर्मचारी, बोर्ड एवं निगम के कर्मचारी और आउटसोर्स कर्मचारी से केवल 365 रुपये और उपरोक्त के अतिरिक्त जो व्यक्ति नियमित सरकारी कर्मचारी या सेवानिवृत्त कर्मचारी नहीं है उनसे केवल 1000 रुपये का प्रीमियम अदा कर योजना के अंतर्गत कार्ड बनवा सकता है।
योजना के अंतर्गत लोकमित्र केंद्र या कॉमन सर्विस सेंटर में नामांकन करने और दस्तावेजों को अपलोड करने के लिए लाभार्थी से प्रीमियम के अतिरिक्त 50 रुपये का शुल्क लिया जाएगा। डॉ. दड़ोच ने बताया कि आवेदक को वेबसाइट पर आधार कार्ड, राशन कार्ड, मोबाइल नंबर और श्रेणी प्रमाण पत्र अपलोड करवा कर और निर्धारित प्रीमियम का भुगतान ऑनलाइन करवाना होगा।