बिलासपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर प्रकाश दड़ोच ने बिलासपुर के आयुष्मान भारत स्कीम के तहत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों को अपने (गोल्डन कार्ड) स्वास्थ्य कार्ड जल्दी से जल्दी बनवाने के लिए आग्रह किया है ताकि लाभार्थी इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में रोगी को अस्पताल में दाखिल होने पर 5 लाख रुपये तक का सालाना कैशलेस पेमेंट सरकार की तरफ से इस कार्ड के माध्यम से किया जा रहा है। सभी राष्ट्रीय जीवन बीमा कार्ड भी इन्हीं स्वास्थ्य कार्ड, (गोल्डन कार्ड) में परिवर्तित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अभी तक जिले में 48 हजार 254 स्वास्थ्य कार्ड ही बन पाए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय जीवन बीमा वाले लाभार्थियों से आग्रह किया है कि वह भी अपने कार्ड को जल्दी-जल्दी इसमें परिवर्तित कराएं तथा बीमारी की अवस्था में अस्पताल में दाखिल होने पर कैशलेस पेमेंट करवा कर इलाज कराएं।
दड़ोच ने आशा वर्करों से भी कहा है कि सुनिश्चित करें कि उनके कार्य क्षेत्र में कितने लोग प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थी थे। कितने लोग राष्ट्रीय स्वास्थ्य जीवन बीमा योजना के थे तथा उनमें से कितनों ने अपने कार्ड बनवाए हैं और जिन्होंने अभी कार्ड नहीं बनवाए उन्हें कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि अगर कोई नया पंजीकरण करना है तो अपडेशन सिर्फ खंड स्तर पर, जिला स्तर पर स्वास्थ्य विभाग में आयुष्मान मित्र के द्वारा ही संभव है। स्वास्थ्य खंड घुमारवीं से स्वास्थ्य शिक्षक सुरेश चंदेल को आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी, स्वास्थ्य खंड मारकंडेय से स्वास्थ्य शिक्षिका विजय कुमारी को तथा स्वास्थ्य खंड झंडूता से स्वास्थ्य शिक्षक रमेश चंदेल को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत नोडल अधिकारी मनोनीत किया है।
उन्होंने बताया कि सभी आशा वर्कर अपने-अपने क्षेत्र के लाभार्थियों के बारे में जिन्होंने अभी तक यह कार्ड नहीं बनवाए हैं उनकी सूचना अपने-अपने नोडल अधिकारी को दें। इस कार्य की समीक्षा तथा रिपोर्टिंग साप्ताहिक आधार पर ली जाएगी।