बिलासपुर। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश दड़ोच ने सहारा योजना के बारे में बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और गंभीर बीमारियों से पीड़ित पात्र व्यक्ति इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। योजना के अंतर्गत अब सात प्रकार की गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को वित्तीय संकट से नहीं गुजरना पड़ेगा।
प्रकाश दड़ोच ने बताया कि सहारा योजना के अंतर्गत हर महीने 2 हजार रुपये पात्र व्यक्ति के बैंक खाते में आएंगे। मुख्यमंत्री की ओर से इसके लिए बजट की घोषणा कर इसे शुरू करने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। वहीं जिन लोगों की वार्षिक आय चार लाख से कम होगी, ऐसे सभी लोग इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
बताया कि मुख्यमंत्री सहारा योजना के अनुसार सात रोगों के मरीजों को जिन्हें कैंसर, पार्किसन पैरालाइसिस, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया और किडनी की विफलता और पूरी तरह से अक्षम व्यक्ति जोकि पूरी तरह से बेडरिडेन हैं उन सभी को सहारा योजना के तहत प्रति माह 2 हजार रुपये मिलेंगे।
डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि सहारा योजना के लिए वही व्यक्ति पात्र होंगे जो आर्थिक रूप से कमजोर व एकल परिवार से संबंध रखते हैं। प्रदेश में अभी इन रोगों के करीब 6,000 रोगी हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से गरीब व कमजोर वर्ग के व्यक्तियों को प्रतिमाह 2 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान कर उनको उनकी बीमारियों का इलाज करने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित आवेदन प्रपत्र आशा कार्यकर्ता व खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। निर्धारित आवेदन प्रपत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज जैसे बीमारी के दस्तावेज, फोटो पहचान पत्र, आय प्रमाण पत्र, जीवन प्रमाण पत्र, स्थायी प्रमाण पत्र, बीपीएल प्रमाण पत्र और बैंक खाते की पूर्ण जानकारी सहित सभी दस्तावेज खंड चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर के कार्यालय में जमा होंगे। उसके उपरांत ही लाभार्थी को इस योजना का लाभ प्राप्त होगा।