श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में दिवाली पर्व पर पुजारी वर्ग की ओर से विशेष हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। धनतेरस से दिवाली की रात तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में दुर्गा सप्तशती के पाठ और लगभग 700 मंत्रों के साथ हवन कुंड में आहुतियां डाली गईं।
विज्ञापन
मंदिर के समस्त पुजारी विश्व कल्याण, परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना के लिए प्रतिवर्ष इस परंपरा का निर्वहन करते हैं। पुजारी अपने घरों में पूजा-अर्चना करने के साथ मंदिर में माता के दर्शन कर हवन करते हैं। एक हवन को पूरा करने में करीब तीन घंटे का समय लगता है।
दिवाली के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा कम रहती है। उधर, दिवाली के मद्देनजर मंदिर परिसर में सफाई अभियान भी चलाया गया। छोटी दिवाली पर श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की और लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।