बिलासपुर। जिले बिलासपुर में प्रशासन कोरोना कर्फ्यू के दिशा-निर्देशों की पालना करवाने के लिए जगह-जगह निरीक्षण कर रहा है। सदर एसडीएम ने शनिवार को निरीक्षण किया। गंभर पुल क्षेत्र में दो हार्डवेयर की दुकानों को बंद करवाया गया। उन्होंने कोरोना मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना।
एसडीएम रामेश्वर ने बताया कि शनिवार को गंभर पुल के आसपास के क्षेत्रों में निरीक्षण किया। जहां हार्डवेयर की दो दुकानें खुली मिलीं। दोनों दुकानों को बंद करवाया गया। उन्हें चेतावनी दी कि अगर इसके बाद नियमों का उल्लंघन किया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद गसौड़, कोठी चौक, राजपुरा व अन्य क्षेत्रों का भी दौरा किया। कोरोना मरीजों का हालचाल भी जाना। उन्होंने कोरोना मरीजों से कहा कि अगर किसी सामान की जरूरत हो या कोई मदद चाहिए तो प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि डोबा पंचायत से एक महिला ने शिकायत की थी कि उनके क्षेत्र में कोरोना मरीज बाहर घूम रहा है। इसके बाद सदर एसडीएम ने एसआई बरमाणा को निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत प्रतिनिधियों को बार-बार सूचित किया जा रहा है कि जो भी व्यक्ति दूसरे राज्य से गांव में आता है उसे कुछ दिन घर पर रहने की हिदायत दें। उन्होंने कहा कि कोरोना से मृत्यु पर एसओपी के तहत दाह संस्कार किया जाता है, इसलिए अफवाहों पर विश्वास न करें। घर पर रहें। बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलें। मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग करें।