राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला में रविवार को वॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों का आयोजन किया गया। इसमें उपायुक्त एवं अध्यक्ष राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला ऋग्वेद ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
वॉलीबाल स्पर्धा में स्पोर्ट क्लब बरठीं ने साईं हॉस्टल बिलासपुर को 2-0 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा किया। कबड्डी स्पर्धा में सोलन ने स्टेट हॉस्टल बिलासपुर को 54 के मुकाबले 15, साईं हॉस्टल बिलासपुर ने बीबीएमबी बद्दी को 67 के मुकाबले 23 और बिलासपुर ने आईसीडीए को 50 के मुकाबले 12 अंकों से मात दी।
इसी प्रकार लड़कियों के वर्ग में बिलासपुर ने मंडी को 38 के मुकाबले 42 अंकों से हराया। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी श्यामलाल ने बताया कि कल होने वाले लड़कों के वर्ग में सेमीफाइनल में प्रतिस्पर्धा में साई हॉस्टल बिलासपुर का मुकाबला मंडी से होगा। जबकि लड़कियों के वर्ग में कबड्डी के लीग मैच होने के उपरांत विजेता टीमों के सेमीफाइनल और फाइनल मैच करवाएं जाएंगे।
रविवार को हुए हैंडबाल के फाइनल मैच में पुरुष वर्ग में स्टेट हॉस्टल बिलासपुर की टीम ने पुलिस विभाग को 17 के मुकाबले 24 अंकों से मात दी, जबकि महिला वर्ग में मोहरसिंगी ने घुमारवीं पर 13 के मुकाबले 18 अंकों से विजय हासिल की।
स्थानीय विधायक बंबर ठाकुर ने पुरुष वर्ग के विजेताओं को ट्रॉफी के साथ 8 हजार का इनाम देकर नवाजा जबकि द्वितीय स्थान पर रही टीम को ट्रॉफी के 6 हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया। महिला वर्ग की विजेता टीम को ट्रॉफी और 6 हजार रुपये सहित उप विजेता को ट्रॉफी और 4 हजार रुपये देकर सम्मानित किया।