घुमारवीं की ग्राम पंचायत मोरसिंघी के गांव कसोहल में किए गए अधूरे सड़क निर्माण कार्य के कारण हुआ
-एक सप्ताह पहले हुई बारिश का पानी अभी भी सड़कों पर
-लोगों के घरों में घुस रहा सड़क का पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत मोरसिंघी के गांव कसोहल में किए गया अधूरा सड़क निर्माण का काम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। पिछले सप्ताह हुई बारिश से अभी तक लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क के निर्माण कार्य में पानी की निकासी न रखने से यह सड़क गांववासियों के लिए सुविधा की जगह मुसीबत बन गई है। स्थानीय लोगों में पुष्पेंद्र चौहान, रमेश शर्मा, शुभम, नरेंद्र और छोटू ने बताया कि थोड़ी सी बारिश होने पर भी सड़क तालाब का रूप ले लेती है। यह सड़क पट्टा से मोरसिंघी होकर कुठेड़ा निकलती है। इसके चलते यहां पर गाड़ियों और पैदल राहगीरों की आवाजाही अधिक रहती है। पिछले सप्ताह हुई बारिश से यहां पर दो-दो फीट से अधिक पानी जमा हो गया है, जिस कारण स्थानीय लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि विभाग ने करीब तीन वर्ष पहले इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया था। उनके घरों के पास टारिंग की जगह पेवर ब्लॉक का इस्तेमाल किया गया था। लेकिन निर्माण कार्य करते समय पानी की निकासी का कोई ध्यान नहीं रखा गया था। अब सड़क किनारे बने मकानों को भी खतरा हो गया है। लोगों ने कहा कि पिछली बरसातों से वह लोग निर्माण विभाग से गुहार लगाते आए हैं लेकिन आज तक पानी की निकासी का कोई प्रबंध नहीं हो पाया है और हर वर्ष उन्हें अपने घरों के गिरने का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि एक सप्ताह पहले हुई बारिश से सड़क पर पानी आज भी भरा हुआ है। निकासी न होने का कारण सड़क का सारा पानी आसपास रहने वाले लोगों के घरों और खेतों में घुस रहा है। सड़क पर सफर करना भी खतरे से खाली नहीं है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि यहां पर पानी की निकासी का उचित प्रबंध किया जाए ताकि बारिश में उनके घरों पर मंडराने वाले खतरे के डर से उन्हें निजात मिल सके। लोगों का कहना है कि अगर इस पानी की वजह से उनके घरों को कोई नुकसान पहुंचता है तो उसकी सारी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की होगी।
कोर्ट
मामला कोर्ट के अधीन है। क्योंकि जिस जगह पर पानी रुका हुआ है वहां पर एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा कंक्रीट की दीवार दे दी गई थी। साथ ही विभाग पर कोर्ट में मामला दर्ज करवाया है। एक सप्ताह बाद मामले की सुनवाई है। उसके बाद ही अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जेपी शमा, वर्क इंस्पेक्टर, लोक निर्माण विभाग, बिलासपुर