सड़क निकलने पर विवेक कुमार का स्वागत करते हुए दाड़ी भाड़ी के ग्रामीण। स्रोत ग्रामीण
रौड़ा सेक्टर में हुआ हिंदू सम्मेलन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल रौड़ा सेक्टर में रौड़ा बस्ती की ओर से हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक शिक्षा विभाग सुशील पुंडीर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और आरएसएस के जिला कार्यवाह मुनीष चंदेल मुख्य वक्ता रहे।
मुनीष चंदेल ने हिंदू शब्द के अर्थ, सनातन परंपरा के इतिहास और वर्तमान स्थिति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार के त्याग और संघर्ष का स्मरण करते हुए आरएसएस के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में आरएसएस के 35 सहयोगी संगठन राष्ट्र और समाज के हित में कार्य कर रहे हैं। मुनीष चंदेल ने पंच परिवर्तन के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए कहा कि यह समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की एक सशक्त पहल है। पंच परिवर्तन के तहत स्व-बोध, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्य को अपनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके माध्यम से स्वदेशी अपनाने, जातिगत भेदभाव समाप्त करने, पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने, प्रकृति के संरक्षण और नागरिकों को कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से स्वदेशी, आत्मनिर्भर, समरस और कर्तव्यनिष्ठ समाज का निर्माण संभव है। इससे पूर्व मुख्यातिथि सुशील पुंडीर ने पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार रखे, जबकि कुलदीप चंदेल ने कुटुंब प्रबोधन के महत्व को रेखांकित किया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में संस्कार, अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं तथा युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा की दिशा देते हैं। इस मौके पर सदर विधायक त्रिलोक जमवाल विशेष रूप से मौजूद रहे।