झंडूता में जिला स्तरीय जीएसटी बजट उत्सव किया आयोजित
प्रबुद्ध जन संवाद सम्मेलन में विधायक रणधीर रहे मुख्यातिथि
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता में प्रदेश भाजपा के कार्यक्रमों के तहत जिला स्तरीय जीएसटी बजट उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक जीत राम कटवाल और विधायक रणधीर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक जीत राम कटवाल ने जनता को जीएसटी सुधारों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए जीएसटी सुधार का उद्देश्य देशवासियों को सीधे लाभ पहुंचाना और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। इस सुधार के तहत 390 से अधिक वस्तुओं पर टैक्स में कटौती की गई है। रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं, घरेलू सामान, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऑटोमोबाइल, फिटनेस, महिलाओं के उपयोग की वस्तुओं और बीमा सेवाओं में टैक्स दरों को घटाकर आम जनता के लिए वस्तुएं सस्ती बनाई गई हैं। विशेष रूप से उन्होंने बताया कि चार टैक्स स्लैबों को दो पांच और 18 फीसदी में बदल दिया गया है। 12 फीसदी स्लैब की वस्तुओं पर 99 फीसदी और 28 फीसदी स्लैब की वस्तुओं पर 90 फीसदी तक कटौती की गई है। इसके अलावा, किसानों के लिए ट्रैक्टर, ड्रिप इरिगेशन उपकरण पर पांच फीसदी, बीज व उर्वरक पर पांच फीसदी और शिक्षा, स्वास्थ्य व जीवन बीमा पर जीरो फीसदी टैक्स किया गया है। हिमाचल प्रदेश में बनने वाले हर्बल व आयुर्वेदिक उत्पादों पर टैक्स 18 फीसदी से घटाकर 12 फीसदी कर दिया गया है। हस्तशिल्प, पेंटिंग, हैंडीक्राफ्ट और प्रदेश के अन्य उत्पादों पर 12 फीसदी से घटाकर पांच फीसदी करके राहत दी गई है।
इस दौरान जिला भाजपा की ओर से झंडूता में ही प्रबुद्ध जन संवाद सम्मेलन का आयोजन हुआ। विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि यह सम्मेलन केवल विचार-विमर्श का माध्यम नहीं बल्कि समाज की बौद्धिक शक्ति और संगठन की वैचारिक दिशा को एक मंच पर लाने का अवसर है। उन्होंने प्रबुद्धजनों से सुझाव और मार्गदर्शन लेने की महत्ता बताई और विश्वास दिलाया कि पार्टी उनके योगदान को सदैव महत्व देती रहेगी। कार्यक्रम में हाल ही में जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में आतंकवादियों से मुठभेड़ में शहीद हुए हवलदार बलदेव चंद को याद करते हुए दो मिनट का मौन भी रखा गया। इसके बाद विधायक जीत राम कटवाल ने भाजपा मंडल कार्यालय झंडूता में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से आपदा प्रभावित परिवारों के लिए भेजी राहत सामग्री का वितरण किया। उन्होंने 40 प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री प्रदान करते हुए कहा कि यह मानवीय पहल राष्ट्रीय एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करती है।