युवा बोले, पिछली भर्ती की तर्ज पर 2026-27 में भी मिले एकमुश्त राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती 2026-27 को लेकर प्रदेश के युवाओं ने आयु सीमा में एक बार फिर विशेष छूट देने की मांग उठाई है। युवाओं का कहना है कि पिछली पुलिस भर्ती में सरकार ने अभ्यर्थियों को एकमुश्त आयु सीमा में विशेष राहत देकर बड़ी संख्या में युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर दिया था। इस बार भी ऐसा ही निर्णय लिया जाना चाहिए। युवाओं में संजय कुमार, सौरव शर्मा, विक्रम सिंह, अतुल ठाकुर, चंचल, अंकित शर्मा, अनिल कुमार, रवि कुमार, गौरव कुमार, रिशव नड्डा, शैलजा कुमारी, रितिका, तानिया शर्मा का कहना है कि विभिन्न कारणों से कई योग्य अभ्यर्थी निर्धारित आयु सीमा से बाहर हो चुके हैं। यदि सरकार आगामी भर्ती में एक बार फिर आयु सीमा में विशेष छूट प्रदान करती है तो हजारों युवाओं को समान अवसर मिलेगा और वे पुलिस सेवा में अपना योगदान देने का सपना पूरा कर सकेंगे।
26 और 28 वर्ष तक आयु सीमा करने की मांग
युवाओं ने मांग की है कि सामान्य और ईडब्ल्यूएस के अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 18 से 26 वर्ष निर्धारित की जाए। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 18 से 28 वर्ष अथवा पिछली भर्ती के समान विशेष आयु छूट दी जाए। इसके अलावा युवाओं ने सरकार से आग्रह किया है कि यदि आवश्यक हो तो पुलिस भर्ती 2026-27 के लिए सभी पात्र अभ्यर्थियों को एकमुश्त विशेष आयु सीमा में छूट प्रदान की जाए, ताकि कोई भी योग्य युवा केवल आयु सीमा के कारण भर्ती प्रक्रिया से बाहर न हो।