बिलासपुर। व्यापार मंडल बिलासपुर ने जिलाधीश बिलासपुर से आग्रह किया है कि हिमाचल के अन्य जिलों व इसके साथ चंडीगढ़ तथा अन्य राज्यों में बिलासपुर के बच्चे पढ़ते हैं या नौकरी करते हैं, उन सभी को अगला लॉकडाउन शुरू से पहले अपने घरों में वापस पहुंचाया जाए।
व्यापार मंडल के प्रधान सुनील गुप्ता, महासचिव सुरेंद्र गुप्ता, मुख्य सलाहकार शान अली, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तरुण टाडू, उपाध्यक्ष नवीन वर्मा, रामलाल, दीपक शर्मा, अनुसौरभ, सह सचिव चंद्रशेखर हांडा, राज वर्मा, सलाहकार राजपाल दबड़ा, नरेंद्र खन्ना, कोषाध्यक्ष अमित गुप्ता, आयोजक मंत्री अजय चंदेल, करीम खान, प्रेस सचिव अर्पण संत, असिस्टेंट सेक्रेटरी राजेश कुमारी ने प्रेस के माध्यम से जिलाधीश बिलासपुर से मांग की है कि बिलासपुर के बच्चे हिमाचल के अन्य जिलों में या फिर चंडीगढ़ या अन्य राज्यों में नौकरी कर रहे हैं। जबसे लॉकडाउन शुरू हुआ है, ये सभी बच्चे अपने घरों में कैद हैं।
मंडल का कहना है कि अब उनके पास खाने और खर्चे को भी पैसे नहीं बचे हैं। व्यापार मंडल बिलासपुर ने जिलाधीश बिलासपुर से सभी बच्चों को अगला लॉकडाउन शुरू होने से पूर्व बिलासपुर उनके परिजनों के पास सकुशल पहुंचाने का आग्रह किया है। इसके अलावा जो बच्चे बिलासपुर में अन्य जगह फंसे हैं, उन्हें भी सकुशल उनके घर पहुंचा दिया जाए।