विश्वकर्मा मंदिर डियारा में हुई पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक
-पेंशनर ने राज्य स्तरीय अखिल भारतीय पेंशन दिवस को लेकर की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन बिलासपुर सदर खंड और शहरी इकाई की संयुक्त बैठक शहर के विश्वकर्मा मंदिर डियारा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शहरी इकाई के प्रधान रविंद्र नाथ भट्टा ने की।
खंड प्रधान दौलत राम चौहान ने बैठक के एजेंडे के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि वेतन निर्धारण के लंबित मामले महालेखाकार कार्यालय शिमला में लंबित हैं, इन मामलों में शीघ्रता से कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने राज्य स्तरीय अखिल भारतीय पेंशन दिवस को दिसंबर में मनाए जाने के बारे में भी बताया। वहीं जिला महामंत्री चेतराम वर्मा ने बताया कि प्रदेश के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को तीन भागों में बांटा गया है। पहले भाग में 31 दिसंबर 2015 तक सेवानिवृत्त हुए हैं। दूसरे भाग में 1 जनवरी 2016 से जनवरी 2022 तक सेवानिवृत्त कर्मचारी और तीसरे भाग में फरवरी 2023 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के बकाया का भुगतान नहीं किया जा रहा है। जो वर्तमान में सेवानिवृत्त हो रहे हैं उन्हें सभी लाभांश दिए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि लंबित महंगाई भत्ते को शीघ्र जारी करे। प्रेम सिंह चंदेल ने बताया कि राज्य स्तरीय स्थापना दिवस मनाने के लिए राज्य कार्यकारिणी को सिर्फ खंड ही अंशदान देंगे। बाबू राम गौतम ने बताया कि इससे पूर्व कभी भी राज्य स्तरीय स्थापना दिवस मनाने के लिए एसोसिएशन की इकाइयों से कोई योगदान नहीं लिया जाता था। इसके अलावा ओपी गर्ग और जेके नड्डा ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर विशेष रूप से मुख्य सलाहकार प्रदेश कार्यकारिणी जेके नड्डा, संगठन सचिव राम प्रकाश वर्मा, बाबू राम धीमान, गोपाल शर्मा, जमना दास, ओपी मैहता, सुनील दत, रविंद्र भट्टा, कांशीराम, संत राम कश्यप, देवेश्वर गौतम, प्रदीप वर्मा, क्रांति कुमार,प्रेम सिंह चंदेल, विजय राम शर्मा, राम पाल शास्त्री, राजेंद्र शर्मा, अब्दुल मजीद और कृष्ण मौजूद रहे।