-घुमारवीं में हुई पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन घुमारवीं इकाई की बैठक रविवार को रैन बसेरा में हुई। बैठक की अध्यक्षता घुमारवीं इकाई के प्रधान इं. रामलाल शर्मा ने की।
बैठक में सबसे पहले गांव पट्टा के पेंशनर यशपाल पुरी और कुठेड़ा के रतन सिंह के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की गई। बैठक में वरिष्ठ उप प्रधान सुखराम, उप प्रधान रूपलाल शर्मा, महासचिव केएल शर्मा, सुरेश ठाकुर, रमेश चंद पटियाला आदि ने पेंशनर की लंबित मांगों पर चर्चा की और बिजली बोर्ड की वित्तीय स्थिति के लगातार बदतर होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बोर्ड प्रबंधन वर्ग से बिजली व्यवस्था को सुचारू रूप से चलने के लिए अतिरिक्त स्टाफ की नियुक्ति करने का आग्रह किया। उन्होंने सभी पेंशनर की महंगाई भत्ते की देय तीन किस्तों का सरकार और बोर्ड से शीघ्र भुगतान करने का भी आग्रह किया। प्रधान इं. रामलाल शर्मा ने बोर्ड प्रबंधन से नोशनल पे मैट्रिक्स में हो रही त्रुटियों का शीघ्र निराकरण करने, पे फिक्सेशन और पेंशन पुनः निर्धारण के लंबित पड़े मामलों का शीघ्र निपटारा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विभाग जल्द से जल्द पेंशनरों के मेडिकल बिलों का भुगतान करें। ताकि पेंशनर अपना इलाज ठीक ढंग से करवा सकें। उन्होंने बोर्ड में खाली पड़े पदों को शीघ्र भरने का आग्रह किया। बैठक में प्रदेश में बढ़ रहे चिट्टे के मामलों पर भी चर्चा की गई। साथ ही सरकार से समाज में बढ़ते नशे के व्यापार को रोकने के लिए भी उचित कदम उठाए जाने की मांग की गई। बैठक में सतीश चंदेल, निक्काराम, बलदेव, रूपलाल, दौलत राम चंदेल, जगदीश चंद, हरी राम, मुंशी राम, बिशन दास शामा और अन्य उपस्थित रहे।