- चलालड़ू में पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। सरकार को चिट्टे का कारोबार करने वालों के लिए सख्त कानून बनाने चाहिए। साथ ही एक बार चिट्टे के साथ पकड़े जाने पर आरोपी को जेल होनी चाहिए। यह बात संस्कार संस्था के संस्थापक महेंद्र धर्माणी ने ग्राम पंचायत भराड़ी के चलालडू गांव में पंचायत प्रतिनिधियों और महिला मंडल और स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कही।
महेंद्र धर्माणी ने कहा कि घुमारवीं अगेंस्ट चिट्टा अभियान के तहत संस्था घुमारवीं की हर पंचायत और शिक्षण संस्थानों में जाकर नशे के खिलाफ लोगो को जागरूक कर रही है। हमें आने वाली पीढ़ी को चिट्टे से बचाना होगा, ताकि उनका भविष्य ठीक रहे। हमें बच्चों के साथ दोस्त की तरह रहना होगा, ताकि वह जब स्कूल, कॉलेज से घर आएं तो अपने माता-पिता के साथ हर बात को साझा करे। उन्होंने गांव के बड़े-बुजुर्गों से निवेदन किया कि यदि कोई अनजान व्यक्ति गांव में आता है तो उससे पूछताछ जरूर करें। ऐसा करने से चिट्टा बेचने वालों को भी डर होगा कि इस गांव मे लोग पूछताछ करते हैं। कार्यक्रम में संजीव चौधरी, अजय शर्मा, सुनील दत्त शर्मा, बाबू लाल धर्माणी, विमला देवी, अमरती देवी आदि उपस्थित रहे।