घुमारवीं के फटोह गांव में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत फटोह में एक युवक अपने घर के बाथरूम में मृत मिला है। मौत का कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा दियाहै। घुमारवीं थाना पुलिस को दिए बयान में गांव फटोह के श्याम लाल मेहता ने बताया है कि बेटा अंकुश मेहता एक कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव का काम करता था। वह अभी अविवाहित था । वीरवार सुबह अंकुश घर से हमीरपुर के लिए चला गया और शाम को वापस आया, तब वह खेत में घास लेने के लिए चले गए थे। घर में उनकी बेटी और दूसरा बेटा था। जब वह खेत से घास लेकर घर पहुंचे, तो पत्नी ने उन्हें बताया कि अंकुश ने बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है और काफी देर से नहीं खोल रहा । उन्होंने लोहे की रॉड से बाथरूम का दरवाजा तोड़ा। अंदर देखा तो अंकुश टॉयलेट सीट के पास अचेत अवस्था में पड़ा था। उसे घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि पिता के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लगाया जा सकता है।