कुश्ती में मोरसिंघी विजेता, लखनू स्कूल बना उपविजेता
जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग के खेलकूद बरठीं स्कूल में हुए संपन्न
खेलों में 10 खंडों के 520 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
कबड्डी, वॉलीबाल, खो-खो, बैडमिंटन, कुराश, जूडो, कुश्ती में लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरठीं में अंडर-19 छात्र वर्ग की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के 10 जोनों से 520 छात्र खिलाड़ियों ने भाग लिया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने कबड्डी, वॉलीबाल, खो-खो, बैडमिंटन, कुराश, जूडो, कुश्ती सहित अन्य खेलों में अपना दमखम दिखाया।
समारोह में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पंचायत के पूर्व प्रधान कृष्ण दत्त ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। स्थानीय स्कूल की छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्यातिथि ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने पाठशाला के लिए 5,100 रुपये की राशि भी भेंट की। खेल प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि कबड्डी में घुमारवीं जोन विजेता और सदर जोन उप विजेता रहा। बैडमिंटन में स्वारघाट जोन विजेता और घुमारवीं जोन उप विजेता रहा। वॉलीबाल में बरठीं जोन विजेता और जुखाला जोन उप विजेता रहा।
वहीं खो-खो में घुमारवीं जोन विजेता और जुखाला जोन उप विजेता रहा। कुश्ती में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मोरसिंघी विजेता और लखनू स्कूल उप विजेता रहा। जूडो में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चांदपुर विजेता और डोला वैली पब्लिक स्कूल उपविजेता रहा। कुराश में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चांदपुर विजेता और बाल पाठशाला बिलासपुर उप विजेता रही। इस मौके पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरठीं के प्रधानाचार्य सुरेश शर्मा, एसएमसी प्रधान राजेश गौतम, सतीश गौतम, पंकज राणा, उपप्रधान राकेश मेहता, पूर्व प्रधान प्रेम लाल, राजकुमार कौशल, रतन चंद, एडीपीओ जगदेव मेहता आदि उपस्थित रहे।
बरठीं स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता खिलाडिय़ों को सम्मानित करते हुए