विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के मुद्दों पर चुनाव मैदान में उतरी भाजपा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के लिए भाजपा ने अपने समर्थित उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने इस बार विकास, स्वच्छता, पारदर्शिता और जनसेवा को मुख्य मुद्दा बनाकर चुनाव मैदान में उतरने की बात कही है।
भाजपा समर्थित उम्मीदवारों में वार्ड नंबर 1 बड्डू से शकुंतला देवी, वार्ड नंबर 2 इंदिरा वार्ड से सविता शर्मा, वार्ड नंबर 3 आंबेडकर वार्ड से शिव कुमार, वार्ड नंबर 4 कल्याणा से राजेश कुमार उर्फ शंभू, वार्ड नंबर 5 हारकुकाहर से संदीप शर्मा, वार्ड नंबर 6 जगतंबा वार्ड से शीला देवी, वार्ड नंबर 7 बझोहा से अमित कुमार, वार्ड नंबर 8 टिकरी वार्ड से विमला देवी (जालपा मंदिर) और वार्ड नंबर 9 दकड़ी वार्ड से स्वाति शर्मा को भाजपा का समर्थन प्राप्त है। पूर्व मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र गर्ग ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र की जनता ने हमेशा भाजपा की नीतियों और कार्यशैली पर विश्वास जताया है और इस बार भी लोग विकास के पक्ष में मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि नगर परिषद घुमारवीं को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने बताया कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना, बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध करवाना, पेयजल व्यवस्था में सुधार, पार्किंग समस्या का समाधान, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा युवाओं और महिलाओं के लिए सुविधाओं का विस्तार भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल है। भाजपा मंडल घुमारवीं अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने बताया कि पार्टी ने ऐसे उम्मीदवारों को समर्थन दिया है जिनकी समाज सेवा में सक्रिय भूमिका रही है और जिनकी छवि जनहितैषी रही है। उन्होंने कहा कि सभी उम्मीदवार लंबे समय से अपने-अपने वार्डों में लोगों की समस्याओं को उठाते रहे हैं।