8 और 11 मई को भी भरे जाएंगे नामांकन पत्र, 31 मई को होगी मतगणना
जिले की 182 पंचायतों में 26, 28 और 30 मई को होंगे चुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले दिन जिला परिषद वार्डों के लिए 20 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। वहीं पंचायत समिति सदस्य के लिए 115 नामांकन किए गए।
उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर-2 गाहर से दो, वार्ड नंबर-4 ननावां से एक, वार्ड नंबर-5 बड़गांव से तीन, वार्ड नंबर-7 जेजवीं से एक, वार्ड नंबर-8 जांगला से एक, वार्ड नंबर-9 बामटा से एक, वार्ड नंबर-10 बरमाणा से पांच, वार्ड नंबर-11 नम्होल से एक, वार्ड नंबर-12 जुखाला से एक और वार्ड नंबर-13 स्वाहण से एक उम्मीदवार ने नामांकन भरा है। वहीं पंचायत समिति चुनावों के लिए जिले भर में कुल 116 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें घुमारवीं पंचायत समिति के लिए 48, झंडूता पंचायत समिति के लिए 34, श्री नयना देवी जी पंचायत समिति के लिए 11 और पंचायत समिति सदर के लिए 23 उम्मीदवार शामिल हैं। उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि 8 और 11 मई को भी संबंधित कार्यालयों में सुबह 11 से अपह्ह्न 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को सुबह 10 बजे से होगी, जबकि 14 और 15 मई को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि जिले में पंचायत चुनाव तीन चरणों में आयोजित होंगे। पहले चरण का मतदान 26 मई, दूसरे चरण का 28 मई और तीसरे चरण का मतदान 30 मई को कराया जाएगा। जिले की 182 ग्राम पंचायतों और 1140 वार्डों में चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतदान के बाद 31 मई को सुबह 9 बजे से मतगणना कराई जाएगी। जिले के विकासखंड झंडूता में 45 पंचायतें, घुमारवीं में 63 पंचायतें, सदर में 49, श्री नयना देवी जी में 25 पंचायतें शामिल हैं। पहले चरण में 62 ग्राम पंचायतें, दूसरे चरण में 62 और तीसरे चरण में 58 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा।
बिलासपुर में जिला परिषद के लिए नामांकन करते भगत सिंह वर्मा। स्रोत जागरूक