कृष्णा अकादमी और बीबीएन भी अगले दौर में
घुमारवीं में राज्य स्तरीय स्टेट ओपन कबड्डी चैंपियनशिप का आगाज
पहले दिन हुए चार मुकाबले, खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से दर्शक रोमांचित
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं में शनिवार को दो दिवसीय राज्य स्तरीय स्टेट ओपन कबड्डी चैंपियनशिप का शुभारंभ मैदान की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन किक बॉक्सिंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रमोहन शर्मा ने किया, जबकि पूर्व मंत्री एवं सोसायटी के मुख्य संरक्षक राजेंद्र गर्ग विशेष रूप से मौजूद रहे।
मां हिडिंबा वेलफेयर सोसायटी की ओर से हुई प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पहुंची 10 टीमों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार रेड और मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पहला मैच संतोषी आईटीआई और घुमारवीं की टीम के बीच खेला गया, जिसमें घुमारवीं ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 60-27 से जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में बिलासपुर पुलिस और कृष्णा अकादमी आमने-सामने हुईं, जहां कृष्णा अकादमी ने 45-21 से जीत हासिल कर अगले दौर में जगह बनाई। अन्य मुकाबलों में कोहिनूर और सनौर योद्धा के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। रोमांचक मैच में कोहिनूर ने 30-24 से जीत दर्ज की। दिन के अंतिम मुकाबले में बीबीएन की टीम ने साई बिलासपुर को 29-21 से हराकर अगले चरण में प्रवेश किया। मुख्यातिथि चंद्रमोहन शर्मा ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और खेल उन्हें सही दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देकर युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जा सकता है। उन्होंने आयोजन समिति को 51 हजार रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की। पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि खेल युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा और अनुशासन पैदा करते हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य करती हैं। कार्यक्रम में मां हिडिंबा वेलफेयर सोसायटी के संस्थापक एवं जनरल सेक्रेटरी अंकुश शर्मा, अध्यक्ष मृदुल शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेश, विपिन, अरविंद, अभिषेक, लकी, विशाल रतवान, विशाल शर्मा, जयपाल, जुमित राय व अभिषेक शर्मा आदि उपस्थित रहे।