घुमारवीं अस्पताल में पिछले लंबे समय से गर्भवती महिलाओं को निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा न मिलने पेश आ रही परेशानियां अब दूर हो जाएगी। इसके लिए घुमारवीं अस्पताल प्रबंधन ने निजी संस्थान के साथ एमओयू साइन किया है।
इसमें गर्भवती महिलाओं को निजी अस्पताल में निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलेगी। इस बारे में जानकारी देते हुए बीएमओ डा. केक शर्मा ने बताया कि वह पिछले लंबे समय से उपमंडल के घुमारवीं अस्पताल में जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलओं के निशुल्क अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे थे।
अल्ट्रासाउंड सरकारी अस्पताल में न होने के कारण गर्भवती महिलाओं को बाजार के निजी संस्थानों में अल्ट्रासाउंड करने वाले चिकित्सकों के महंगे दाम पर यह सुविधा लेनी पड़ रही थी।
उन्होंने बताया कि उपमंडल चिकित्सालय की ओर से इस सुविधा की बहाली के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। मगर बीच में कुछ तकनीकी कारणों से यह मामला सिरे नहीं चढ़ पाया। बताया कि कुछ समय पहले निजी क्षेत्र के साथ अनुबंध करने के लिए निविदाएं मांगी गई थी। इसमें तीन कोटेशन उनके पास आई थीं।
इनमें से सबसे कम रेट की कोटेशन वैद्य हरि राम मेमोरियल अस्पताल से आई थी। इसके आधार पर इन्हें अब सरकारी अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड करने का टेंडर आवंटित किया गया है। सभी ऐसी महिलाओं को अब इस अस्पताल में भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि यहां महिलाओं के अल्ट्रासाउंड की सुविधा निशुल्क मिलेगी। इसके पैसे स्वास्थ्य विभाग अदा करेगी।