विकास योजनाओं पर चर्चा, इस साल सभा का शुद्ध लाभ 5.52 लाख
समिति शेयरधारकों को दे रही बीज की उपलब्धता, स्प्रे पंप सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। दाबला कृषि सेवा सहकारी सभा सीमित कोठी का साधारण अधिवेशन हुआ, जिसमें वर्ष 2024-25 के कार्यों और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। सभा के अध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा ने अधिवेशन की अध्यक्षता करते हुए सभा की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी। बताया इस साल सभा का शुद्ध लाभ 5.52 लाख रुपये रहा।
उन्होंने बताया कि सभा अपने शेयरधारकों को बीज की उपलब्धता, स्प्रे पंप सुविधा, सेब की उपलब्धता जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कर रही है। अधिवेशन में विश्व की सबसे बड़ी अनाज भंडारण सुविधा की योजना पर भी चर्चा हुई। इसके लिए विभाग से सैद्धांतिक मंजूरी प्राप्त हो चुकी है और सभा के निदेशक मंडल को जमीन पट्टे पर लेने का अधिकार प्रदान किया गया है। विभागीय प्रतिनिधि शैलजा शर्मा ने सभा की योजनाओं और विकास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल किसानों और स्थानीय समुदाय के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी।
वित्तीय दृष्टि से भी सभा का प्रदर्शन संतोषजनक रहा। इस वर्ष सभा का शुद्ध लाभ 5 लाख 52 हजार रुपये रहा, जो आगामी विकास कार्यों के लिए मजबूती प्रदान करता है। अधिवेशन में सभी सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए सभा की प्रगति में योगदान दिया। इस अवसर पर प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष रमेश कुमार,सदस्य प्रकाश चंद, सचिन कुमार, विजय पाठक, कश्मीर सिंह, शशिपाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।