हवाण स्कूल में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में मुख्यातिथि के साथ खिलाड़ी। स्रोत: समिति
-झंडूता में जिला स्तरीय दो दिवसीय खेलकूद स्पर्धा संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। जिला स्तरीय दो दिवसीय खेलकूद स्पर्धा का समापन समारोह मनाया गया, जिसमें विधायक जीत राम कटवाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। समापन अवसर पर कबड्डी का रोमांचक मुकाबला आनंदघाट और गेहड़वीं शीतला देवी की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें गेहड़वीं शीतला देवी ने 36-27 के अंतर से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
मुख्यातिथि ने विजेता व उपविजेता टीम को पारितोषिक प्रदान किए। बैडमिंटन अंडर-14 वर्ग में सक्षम और परीक्षित ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विजेता बने। कबड्डी प्रतियोगिता के विजेता को 7500 रुपये और बैडमिंटन प्रतियोगिता में 8600 रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। विधायक जीत राम कटवाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व और इससे होने वाले सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवक मंडल आनंदघाट के खेल मैदान की मरम्मत के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की। दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में जिले भर से 135 युवाओं ने भाग लिया। समापन समारोह में मेरा युवा भारत यांचे लामो सहित अन्य लोग मौजूद रहे।