बिलासपुर के किसान भवन में आयोजित मास्टर ट्रेनिंग के दो दिवसीय शिविर में उपस्थित श्री सत्य साईं
चार जिलों के प्रतिभागियों की ने शिविर में लिया भाग
श्री सत्य साईं सेवा संगठन हिमाचल प्रदेश के डिजास्टर मैनेजमेंट ने लगाया प्रशिक्षण शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। आपदा प्रबंधन के प्रति जागरुकता और प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री सत्य साईं सेवा संगठन हिमाचल प्रदेश के डिजास्टर मैनेजमेंट कोर ग्रुप द्वारा जिला बिलासपुर में दो दिवसीय मास्टर ट्रेनिंग शिविर लगाया गया। यह शिविर किसान भवन में आयोजित किया गया।
शिविर का उद्घाटन श्री सत्य साईं सेवा संगठन हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. योगेंद्र वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के हर व्यक्ति को आपदा प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित करना है ताकि आपदाओं के दौरान संगठन के सदस्य समाज की मदद कर सकें। इस अवसर पर डिजास्टर मैनेजमेंट के स्टेट कोऑर्डिनेटर अनुराग सूद अपनी टीम के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष प्रोफेसर प्यारे लाल जनेऊ और जिला यूथ कोऑर्डिनेटर अतुल शांडिल ने मुख्य अतिथि और अनुराग सूद का स्वागत किया। उन्होंने संगठन की ओर से आभार प्रकट किया और इस शिविर के महत्व पर प्रकाश डाला।
शिविर के दौरान डिजास्टर मैनेजमेंट से जुड़ी कई महत्वपूर्ण तकनीकों और उपायों का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें आपातकालीन स्थितियों में विभिन्न प्रकार की नॉट्स का महत्व और उनका सही तरीके से उपयोग। हार्ट अटैक जैसी स्थिति में मरीज को सीपीआर देने का व्यावहारिक प्रशिक्षण। घायलों को प्राथमिक चिकित्सा प्रदान करने के तरीके, आग लगने की स्थिति में सुरक्षा उपाय और फायर फाइटिंग तकनीक सिखाई गई। इस शिविर में जिला कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और बिलासपुर से 15-20 साईं भक्तों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को बेहद उपयोगी बताया और इसे आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम करार दिया। बिलासपुर समिति के कन्वीनर उमेश गौतम का विशेष योगदान रहा। उन्होंने शिविर की व्यवस्था को कुशलतापूर्वक संभाला। जिला यूथ कोऑर्डिनेटर अतुल शांडिल ने कहा कि श्री सत्य साईं सेवा संगठन हिमाचल प्रदेश नियमित रूप से इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर आयोजित करता रहता है।