-बिलासपुर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर की आपदा प्रबंधन कमेटी और अग्निशमन विभाग की ओर से विभिन्न प्रकार की दुर्घटनाओं से निपटने, बचाव कार्य और आपदाओं के शमन के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में होमगार्ड और अग्निशमन विभाग से फायर ऑफिसर जितेंद्र कुमार ने एनसीसी आर्मी, नेवल गर्ल्स रेंजर्स एंड रोवर्स, रेड रिबन क्लब, प्रहरी क्लब, रेडक्रॉस इकाई, एनएसएस स्वयंसेवियों और अन्य विद्यार्थियों को आपदा के समय प्राथमिक बचाव कार्य के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि किसी भी जगह पर आगजनी की कोई घटना हो जाए तो उससे किस प्रकार निपटना है। अनिल ठाकुर ने भूकंप, बाढ़ और अन्य दुर्घटनाओं में बचाव कार्यों के विषय में डेमोंस्ट्रेशन और प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को जागरूक किया। विभिन्न परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार और बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी दी। महाविद्यालय आपदा प्रबंधन कमेटी संयोजक प्रो. श्रवण कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधि के साथ-साथ अन्य कौशलों के विकास और जागरूकता के लिए समय-समय पर आपदा प्रबंधन कमेटी जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता है। प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल ने कहा कि हमारी विभिन्न कमेटियां विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर बहुत जागरूक हैं और लगातार इसके ऊपर काम करती रहती हैं। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन कमेटी के कन्वीनर प्रो. श्रवण कुमार, प्रो. नवेंदु बंसल, डॉ. जयचंद, डॉ. सुरेश, डॉ. अजीत, डॉ. राधेश्याम, डॉ. रेनू, डॉ. प्रियंका, डॉ. सोनिया सहित अन्य भी उपस्थित रहे।