संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई(बिलासपुर)।
तलाई थाना के अंतर्गत ग्राम पंचायत मलांगण के जोड़ गांव में शुक्र खड्ड में लगे क्रैशर में अचानक सिलिंडर फट गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि चार घायल हो गए। हादसे के समय गैस वेल्डिंग काम किया जा रहा था। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 6:00 बजे क्रेशर में वेल्डिंग और कटिंग का किया जा रहा था। इसी बीच अचानक सिलिंडर फट गया। धमाका इतना जोर से हुआ कि सिलिंडर टीन की छत को तोड़ता हुआ बाहर पेड़ पर जा गिरा।
एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को बरठीं अस्पताल ले जाया गया, जहां से तीन को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर रेफर कर दिया। क्षेत्रीय अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
अन्य कामगार उसे मोनू नाम से ही जानते थे। घायलों की पहचान राजेंद्र निवासी गांव लछमीपुर डाकघर पराशी जिला आजमगढ़ बिहार, सतीश और सोनू निवासी गांव दुमराह धीरा जिला पटना बिहार और मनमोहन सिंह निवासी रोहडू जिला शिमला के रूप में हुई है।
इनमें से राजेंद्र और सतीश को पीजीआई रेफर किया गया है। डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।