गणपति बप्पा मोरेया, मंगल मूर्ति मोरेया... से गूंजा बिलासपुर श्रद्धा, भक्ति और गुलाल के रंग के साथ हुआ गणपति विसर्जन बैंड-बाजे के साथ निकली शोभा यात्रा, खूब झूमे श्रद्धालु अमर उजाला ब्यूरो बिलासपुर। जिला में मंगलवार को गणेश चतुर्थी का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। मंगलवार को जहां पूरा बिलासपुर शहर गणपति बप्पा मोर्या... के उद्घोष से गूंज उठा, वहीं सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा, भक्ति और गुलाल के रंग के साथ गोबिंद सागर झील में गणपति विसर्जन किया।
इस मौके पर श्रद्धालु बैंड-बाजे की ताल खूब झूमे। डियारा सेक्टर के बाबा विश्वकर्मा मंदिर से श्री गणेश जी की मूर्ति को लेकर बैंड-बाजे के साथ शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें पुरुष,महिलाओं और युवा वर्ग सहित बच्चों ने बड़ी संख्या में उपस्थित दर्ज करवाई। इस मौके पर भक्तों ने हुए गुलाल के साथ खूब होली खेली। डियारा सेक्टर, बस अड्डा, चंपा पार्क, कॉलेज चौक, गुरुद्वारा चौक और रौड़ा सेक्टर से होते हुए शोभा यात्रा गोबिंद सागर झील के किनारे पहुंची। जहां से मोटरबोट में सवार होकर श्री गणेश जी की मूर्ति को झील के बीचों-बीच ले जाया गया।
यहां विधिवत रूप से गणपति विसर्जन किया गया। इस दौरान गणपति बप्पा मोरेया , अगले वर्ष तू फिर से आ... के उद्घोष के साथ कई आंखें नम भी हो गईं। भक्ति रस में डूबे श्रद्धालुओं ने गणपति महाराज को अलविदा कहते हुए अगले वर्ष जल्द आने का आह्वान किया। इस दौरान लुहणू घाट पर लड्डू और मालपुड़े का प्रसाद भी वितरित किया गया। मंदिर कमेटी के प्रधान अनिल हैप्पी, मदन कुमार, अनिल मेहता, विनोद शर्मा, प्रताप सिंह भल्ला, रितेश मेहता, गुलाब सिंह ठाकुर, रमेश धीमान, लोकेश कौशल और सुखदेव रिंपी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
31 किलोग्राम का चढ़ाया लड्डू बाबा विश्वकर्मा मंदिर में चल रहे गणेश उत्सव में श्रद्धालुओं ने 31 किलोग्राम का लड्डू का प्रसाद चढ़ाया। इस लड्डू को बाबा स्वीट्स के मालिक अविनाश कपूर और पारस ने चढ़ाया है। इसे ड्राइफ्रूट के साथ विशेष रूप से तैयार किया गया है। यह लड्डू उत्सव में आकर्षण का केंद्र बना रहा। जैसे ही लड्डू मंदिर में पहुंचाया गया, वैसे ही सभी श्रद्धालुओं ने उसे अपने कैमरे में कैद करना शुरू कर दिया। पंडित विवेकानंद ने झूमाए श्रद्धालु उत्सव के दौरान मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में पंडित विवेकानंद महाराज ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस का पान करवाते हुए प्रवचनों की वर्षा की।
साथ ही एक से बढ़कर एक भजनों पर श्रद्धालुओं को खूब झूमाया। इस दौरान पंडित पुनीत आनंद शर्मा ने भी भजनों की प्रस्तुति दी। आज होगा भंडारा मंदिर कमेटी प्रधान अनिल हैप्पी ने बताया कि मंगलवार को मंदिर में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें आर्ट ऑफ लिविंग के साधक भजनों की प्रस्तुति देंगे। जबकि बुधवार को मंदिर में भंडारे का आयोजन होगा।